Press "Enter" to skip to content

पटना : ललन सिंह ने लालू को बता दिया नॉन रेजिडेंट बिहारी

पटना : सूबे में विधानसभा उपचुनाव के बाद लालू प्रसाद और उनके परिवार पर राजनीतिक हमले शुरू हो चुके हैं। चुनाव का परिणाम आते ही लालू प्रसाद अपने परिवार के साथ दिल्ली चले गये।

इसके बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उनकी फैमिली पर जमकर हमला बोला। ललन सिंह ने कहा कि इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है। यह तो होना ही था। वे लोग बिहार में कब रहते हैं।

उन्होंने कहा कि जब बाढ़ आती है तो तब वे बिहार से बाहर रहते हैं, कोरोना महामारी के समय पर भी लालू फैमिली दिल्ली में थी। उन्होंने कहा कि चुनाव आया तो प्रचार करने आ गए और चुनाव खत्म होते ही, हार गए तो दिल्ली वापस चले गए।

इस पर तंज कसते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लालू फैमिली नॉन रेजिडेंट बिहारी है। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार पूरे बिहार की चिंता करते हैं, जबकि लालू यादव अपना घर भरने की चिंता करते हैं।

उन्होंने लालू परिवार की तुलना साइबेरियन पक्षी से करते हुए कहा कि जैसे ठंड के मौसम में साइबेरियन पक्षी भारत आते हैं और ठंड के जाते ही वापस चले जाते हैं उसी तरह लालू परिवार है।

ललन सिंह ने कहा कि लालू और तेजस्वी यादव को न तो बिहार से और न ही इसके विकास से प्यार है। उन्हें बिहार के लोगों से भी प्रेम नहीं है। उन्हें केवल सत्ता सुख चाहिए। किसी भी तरीके से सत्ता में आना चाहते हैं। वहीं नीतीश कुमार इस बात पर ध्यान देते हैं कि बिहार को कैसे विकसित किया जाए।

Share This Article
More from ELECTIONMore posts in ELECTION »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *