बेगूसराय : पुलिस ने दो हथियार तस्कर और एक खरीदार को 5 देशी पिस्टल और दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने 50 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

दोनों कार्रवाई जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र में की गई है । मुख्यालय डीएसपी निशीत प्रिया ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी मुंगेर जिला का रहने वाला चंदन कुमार और खगड़िया का रहने वाला अमरजीत कुमार हथियार की खेप लेकर मटिहानी थाना क्षेत्र के पान गाछी पहुंचा है।

इस सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया उनके पास से पांच देसी पिस्टल और मोबाइल जब्त किया गया है। उनकी निशानदेही पर खरीदार बेगूसराय के राजेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।

एक अन्य कार्रवाई में मटिहानी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर चाक गांव में बादल कुमार के घर छापेमारी की, जहां से पुलिस ने 50 किलो गांजा के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बताते चलें कि बिहार में भी पंचायत चुनाव चल रहा है। इसको लेकर पुलिस सजग है। मटिहानी थाना क्षेत्र में 24 नवंबर को मतदान होना है। इससे पहले हथियार की बड़ी खेप बरामद होना पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।


























Be First to Comment