कांटी थाना अंतर्गत साइन पंचायत के मधुकर छपरा गांव में बुधवार की देर रात चोरों ने एक मंदिर में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया. चोरों ने शंभू स्थान मंदिर का ताला काटकर वहां रखे लाउडस्पीकर समेत कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया.

इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी और चिंता है. ग्रामीण रमेश मिश्रा, संजय सिंह, रंजय सिंह और रामचंद्र मिश्रा ने बताया कि इस मंदिर में सभी ग्रामीण मिलकर सुबह-शाम पूजा-अर्चना करते हैं और रात को भगवान का भोग लगाते हैं.


प्रतिदिन की भांति बुधवार की देर रात भी पुजारी भगवान की पूजा और भोग लगाने के बाद मंदिर के कपाट बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे. देर रात चोरों ने मौका पाकर मंदिर का ताला काट दिया और अंदर रखा सारा सामान समेट ले गए.



सुबह उधर से गुजरने वाले ग्रामीणों ने जब ताला कटा देखा तो शोर मचाकर अन्य लोगों को इकट्ठा किया.
इलाके में मंदिरों को निशाना बनाने का यह कोई पहला मामला नहीं है. पिछले साल भी चोरों ने कई धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया था. चोरों ने छपरा स्थित काली मंदिर से इनवर्टर, बैटरी, साउंड सिस्टम और दान पेटी से नकदी समेत कई कीमती सामान चुराए थे.


इसके बाद मधुवन स्थित हनुमान मंदिर से लाउडस्पीकर, सोलर लाइट की बैटरी और यहां तक कि चापाकल भी उखाड़कर ले गए थे. लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीण डरे हुए हैं.











Be First to Comment