मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया. आभूषण कारोबारी शेखर कुमार अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे, तभी काली चौक के पास बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया.

सुनसान जगह का फायदा उठाकर अपराधियों ने पहले उनकी कार को रोका और फिर हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया. जैसे ही कारोबारी काली चौक से अपने घर की ओर मुड़े, सामने से एक बोलेरो गाड़ी आकर उनकी कार के आगे खड़ी हो गई. उसमें से उतरे दो बदमाशों ने कट्टा दिखाकर शेखर कुमार और उनके भांजे अंकित कुमार को कार से नीचे उतार दिया.


इसके बाद अपराधियों ने कार में रखे करीब दो लाख रुपये नकद और लगभग तीन लाख रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए. जाते-जाते बदमाश उनका मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.



डीएसपी पूर्वी वन अलय वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के अंदर लूटी गई कार को गायघाट थाना क्षेत्र के मुनि कल्याण टोला से बरामद कर लिया.


पुलिस की लगातार दबिश के कारण बदमाश कार को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए. हालांकि, पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.












Be First to Comment