आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करने के लिए बिहार सरकार ने आज से एक नई व्यवस्था शुरू की है। इस पहल के तहत अब हर सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को लोग सीधे सरकारी अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायतें बता सकेंगे।

यह पहल बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत‘सबका सम्मान-जीवन आसान’अभियान के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में है। इसका उद्देश्य लोगों के लिए सरकारी कामकाज को आसान बनाना है।


अक्सर देखा जाता है कि लोग जब अपनी समस्याओं को लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचते हैं तो अधिकारी अनुपस्थित रहते हैं, जिससे उन्हें परेशानी होती है।


अब ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में इन दोनों दिनों में संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वे आम लोगों से सम्मान के साथ मिलेंगे और उनकी समस्याओं को ध्यान से सुनकर समाधान करने का प्रयास करेंगे।


यदि किसी कारणवश अधिकारी उपस्थित नहीं रह पाते हैं, तो उनकी जगह अधिकृत अधिकारी जनता से मिलेंगे। जिन अधिकारियों के पास एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार है, वे समय तय कर सभी कार्यालयों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे।












Be First to Comment