गोह. देवकुंड थाना की पुलिस ने तीन युवकों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दाउदनगर के निर्देश पर थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में की गयी. थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि देवकुंड थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव में कुछ युवक हथियार के साथ अपराध करने की योजना बना रहे हैं.

सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी को ध्यान दिलाया और सटीक सूचना के आधार पर उक्त गांव निवासी लालबाबू महतो के घर में छापेमारी की गयी.पुलिस को पहुंचते ही वहां रहे लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. तीन युवक बाइक से भागने लगे. इसी क्रम में जवानों ने पीछा कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार युवकों में देवकुंड थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव निवासी अशोक कुमार सिंह के पुत्र अनंत कुमार, लालबाबू महतो के पुत्र धीरज कुमार और मृत्युंजय कुमार शामिल हैं. पुलिस ने अनंत कुमार के पास से एक कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया है. साथ ही, अपराध में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक किस तरह की योजना बना रहे थे और उनकी मंशा क्या थी, इसे लेकर पूछताछ की गयी है. उनके आपराधिक इतिहास भी खंगाले जा रहे है.


























Be First to Comment