कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरी की घटना का अंजाम देने वाले अपराधियों के विरुद्ध पुलिस सख्त दिख रही है. चोरी की घटना से संबंधित प्राथमिकी दर्ज होने के लगभग 15 दिनों के अंदर पुलिस ने मामले का उद्भेदन कर घटना का अंजाम देने वाले तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें नवीनगर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी गोधन मुसहर उर्फ अक्षय मुसहर, उक्त गांव के ही मनोज मुसहर उर्फ डिंगल मुसहर व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवई गांव निवासी अनिल मुसहर शामिल है.



पकड़े गये अभियुक्तों की निशानदेही पर बिशुनपुर गांव स्थित निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के सामने झोपड़ी से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किये गये है. थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि थाना क्षेत्र के खपिया गांव में राकेश कुमार के घर चोरी की घटना हुई थी.



मामले में गृहस्वामी ने पुलिस को एक लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोर के विरूद्ध थाना कांड संख्या 132/25 दर्ज करायी थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस त्वरित कार्रवाई में जुट गई थी. इस क्रम में पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया था.


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसआईटी टीम का नेतृत्व कर रहे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया. तकनीकी विश्लेषण एवं आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुटुंबा थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के क्रम में उनके निशानदेही पर निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन के समीप झोपड़ी से दो सोने का झुमका, दो जोड़ा चांदी का पायल तथा एक चांदी का झुमका बरामद किया गया है.







Be First to Comment