Press "Enter" to skip to content

मुजफ्फरपुर : फेसबुक पर हुआ प्यार, पुलिस ने करायी शादी

मुजफ्फरपुर : जिले में ऐसी शादी हुई है, जिसकी हर तरफ चर्चा की जा रही है। कहानी कुछ-कुछ फिल्मी सी लगती है। लेकिन, सच है तो मानना ही पड़ेगा। इसमें पुलिस की भूमिका भी सराहनीय है।

हुआ कुछ यूं कि प्रेमी-प्रेमिका दो साल पहले फेसबुक के माध्यम से एक-दूसरे से प्यार के बंधन में बंध गये। धीरे-धीरे फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से उनका प्यार परवान चढ़ा। अंत में रविवार को इस प्यार की परिणति शादी के रूप में सामने आ गयी। प्रेम की इस कहानी में प्रेमी जोड़े ने प्रखंड परिसर स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में पुलिस की मौजूदगी में सात फेरे लिए।

पुलिसकर्मियों ने मिलकर लड़की को साड़ी, शृंगार प्रसाधन, सोने का मंगल सूत्र और अन्य उपहार भी भेंट में दिये। इस दौरान महिला सिपाहियों ने विवाह गीत भी गाए। इस तरह औराई के नयागांव का प्रेमी व मोतिहारी के नरहां गांव की प्रेमिका अब दांपत्य सूत्र में बंध गए हैं।

जानकारी के अनुसार, लड़की औराई थाने पहुंची थी। उसने थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों के बीच व्हाट्सएप व फेसबुक के जरिए दो साल पहले प्यार हुआ। प्रेमिका ने थानाध्यक्ष को बताया कि लड़का मुंबई में रहता है। उसे मालूम हुआ है कि वह अपने गांव आया है। लेकिन, वह शादी के नाम पर टाल-मटोल कर रहा है। लड़की ने पुलिस को बताया कि इससे पहले दोनों कभी नहीं मिले हैं।

इस पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने दोनों पक्षों से बात की। लड़के ने भी स्वीकार किया कि वे कभी नहीं मिले, पर प्यार करते हैं। जब परिवार के सामने कार्रवाई की बात कही तो दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए।

पुलिस की सूचना पर लड़की की मां एक चुनरी लेकर पहुंची तो थानाध्यक्ष ने दो हजार की साड़ी, शृंगार के सामान और सोने का मंगल सूत्र दिया। फिर थाने के सभी पुलिसकर्मियों ने साड़ी, कपड़े व बैग समेत सभी साधन देकर शादी कराई। इस दौरान अन्य लोगों ने भी दोनों को आशीर्वाद दिया। अब दोनों दामपत्य के बंधन में बंध गये हैं।

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *