Press "Enter" to skip to content

बगहा : घर में घुसा मगरमच्छ, मची अफरातफरी

बगहा : शहर के शास्त्रीनगर मुहल्ले में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक घर में मगरमच्छ घुस गया। उसने तबेले में बांधी गयी भैंस पर हमला करने का प्रयास भी किया।

जैसे ही मगरमच्छ ने हमला किया, भैंस जोर-जोर से आवाज देने लगी। इसके बाद आसपास के लोग वहां पहुंच गये। घटना एनएच 727 और गंडक नदी के बीच बसे शहर के शास्त्रीनगर अंतर्गत वार्ड 15 के शम्भू गिरि के घर की है।

लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना के बाद भी जब वन विभाग की टीम नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने बांस बल्ली के सहारे मगरमच्छ को नदी की तरफ भगाया।

लोगों ने बताया कि बथान में बांधी गई भैंस अचानक रम्भाने लगी। भैंस की आवाज सुन कर घर के सदस्य बताने में पहुंचे। जहां एक मगरमच्छ को भैंसों के तबेले में दिखा। इसके बाद घर वालों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

परिवार वालों का शोर सुन आसपास के लोग भी मौके पर जुट गये। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी तो उन्होंने अपना रेंज न होने का हवाला देकर आने से मना कर दिया। वन विभाग द्वारा सुधि नहीं लेने के कारण मुहल्ले में घंटों अफरातफरी और हड़कम्प का माहौल रहा।

बता दें कि देर रात से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण लोगों को मगरमछ को मोहल्ले से भगाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों के मुताबिक गंडक नदी नजदीक होने की वजह से मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया था। जानकारी हो कि गंडक नदी को मगरमच्छ और घड़ियालों के सरंक्षण के लिए आश्रयणी क्षेत्र बनाया गया है।

Share This Article
More from ACCIDENTMore posts in ACCIDENT »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *