राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दानापुर रेल मंडल ने 21 जून को छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। रेलवे के इस फैसले से बिहार के विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नीट परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है ताकि छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इन ट्रेनों के संचालन से पटना, बक्सर, दरभंगा, जसीडीह, दानापुर और गया के बीच यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को विशेष लाभ मिलेगा।
दानापुर मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पटना जंक्शन से दरभंगा, बक्सर से पटना, पटना से बक्सर, जसीडीह से दानापुर, दानापुर से जसीडीह और पटना से गया जी के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। पहली परीक्षा स्पेशल ट्रेन 21 जून को सुबह 4:30 बजे पटना जंक्शन से खुलेगी और सुबह 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन सुबह 6:30 बजे बक्सर से रवाना होकर सुबह 9:15 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं तीसरी ट्रेन शाम 6:20 बजे पटना से खुलकर रात 9:05 बजे बक्सर पहुंचेगी।
इसके अलावा चौथी स्पेशल ट्रेन जसीडीह से सुबह 3:40 बजे प्रस्थान कर सुबह 9:00 बजे दानापुर पहुंचेगी। पांचवीं ट्रेन शाम 6:15 बजे दानापुर से चलकर रात 11:00 बजे जसीडीह पहुंचेगी। वहीं छठी ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 6:00 बजे रवाना होकर सुबह 9:00 बजे गया जी पहुंचेगी।












Be First to Comment