बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है. मंगलवार को बिहार के 13 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है. वहीं, 13 से 16 अगस्त के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को बिहार के कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम की गतिविधियों को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
IMD पटना के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भी मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है. इस तरह कुल 13 जिलों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
हालांकि मौसम विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि इन सभी जिलों में बारिश या वज्रपात होना निश्चित नहीं है. स्थानीय मौसम की स्थिति के अनुसार बारिश और आंधी की गतिविधि में बदलाव हो सकता है. मंगलवार को बिहार में बारिश का असर अलग-अलग इलाकों में देखने को मिल सकता है. कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कहीं-कहीं मध्यम बारिश की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 अगस्त के बीच राज्य में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है.इसके साथ ही 10 से 16 अगस्त तक बिहार में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर समेत मध्य और उत्तर बिहार के कई जिलों में मंगलवार को मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है.









Be First to Comment