मुजफ्फरपुर में नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की सफलता और सरकार द्वारा मांगें माने जाने के बाद अब नगर निगम कामगार यूनियन ने बड़ा फैसला लिया है। सोमवार को पानी टंकी चौक स्थित जिला स्कूल में नगर निगम कामगार यूनियन, मुजफ्फरपुर की बैठक अध्यक्ष अशोक राय की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सभी अंचल निरीक्षक, वार्ड निरीक्षक और कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए।


बैठक में हड़ताल के दौरान यूनियन की भूमिका, कर्मचारियों की एकजुटता और मांगों को लेकर मिली सफलता पर विस्तार से चर्चा की गई। ऐतिहासिक जीत के लिए यूनियन अध्यक्ष अशोक राय को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं बैठक में सर्वसम्मति से नगर निगम कामगार यूनियन को संयुक्त संघर्ष मोर्चा से अलग करने का निर्णय लिया गया।

यूनियन नेताओं का कहना है कि अब कामगार यूनियन किसी संयुक्त मोर्चे के बैनर तले नहीं, बल्कि स्वतंत्र रूप से नगर निगम कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और उनकी लंबित मांगों को लेकर संघर्ष करेगा। बैठक में कर्मचारी संघ की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान अपेक्षित सहयोग नहीं मिला और उस समय नगर निगम के कर्मचारी कार्यालय में मौजूद रहकर काम कर रहे थे।

नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार द्वारा मांगें माने जाने के बाद अब आंदोलन की सफलता का श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है, जिसको लेकर यूनियन सदस्यों में नाराजगी है। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि आगे नगर निगम कर्मचारियों की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई कामगार यूनियन अपने दम पर लड़ेगा और कर्मचारियों के हित में जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर सरकार तक मजबूती के साथ आवाज उठाई जाएगी।














Be First to Comment