पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दूसरे चरण के चुनाव से पहले मंगलवार (23 अप्रैल) को जनता के लिए एक पत्र लिखा है. इसके जरिए उन्होंने लोगों को ना सिर्फ सरकार की उपलब्धि बताई है बल्कि आगे के लिए भी काफी कुछ वादे किए हैं। इसके अलावा लालू -राबड़ी के शासन की भी याद दिलाई है। इसके बाद अब इन मुद्दों पर भाजपा नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने समर्थन दिया है। सिन्हा ने कहा कि राजद का नेचर कभी नहीं बदल सकता है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कल पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने सब की चिंता जताई है। इसमें उन्होंने बिहार के युवाओं को यह अवगत कराने की कोशिश की है कि 2005 से पहले बिहार में नरसंहार करने वाले लोग कौन थे? जातीय नरसंहार करने वाले जंगलराज बनाने वाले लोग बिहार की क्या हालत बनाकर रख दिए थे? उसे समय बिहार के अंदर कैसे उद्योग धंधे बंद हो गए थे ?
सिन्हा ने कहा कि इस पत्र के जरिए यह बताया गया है कि 2005 से पहले लोग कैसे पलायन करने की जरूरत महसूस कर रहे थे? इसके बाद 2005 से लेकर 2010 तक इन चीजों पर रोक लगाई गई। यही बात आज के युवा को जानना चाहिए। राजद का नेचर और सिग्नेचर बदल नहीं सकता है।यह लोग जंगलराज के पुरोधा हैं। यह लोग सत्ता में आने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। यह लोग सिर्फ जनता की कमाई लूटना जानते हैं।
उधर, सम्राट चौधरी को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर कहा कि राजद के लोगों से यदि आप अपेक्षा करेंगे कि कोई आदर्श की बात करेगा कोई शिष्टाचार की बात करेगा तो वह आपके लिए गलत होगा। राजद के नेचर में ही जंगलराज की मानसिकता हैं। इसके अलावा पीएम को लेकर कांग्रेस के तरफ से दिए गए बयान पर कहा कि देश की जनता सब जानती है इसका फैसला भी वही करेगी।


Be First to Comment