असम और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण शिवहर जिले में नमी युक्त हवाएं आ रही हैं।इस कारण मौसम बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई। जिले में गुरुवार की सुबह मौसम की बेरुखी से किसानों के सामने नई मुसीबत आ गई है।

बारिश से गेहूं की तैयार फसल को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में जहां एक तरफ किसान गेहूं काटने में लगे हुए थे तो कहीं गेहूं की थ्रेसिंग कर रहे थे कि अचानक मौसम ने करवट बदला और झमाझम बारिश की शुरुआत हो गई।

बारिश देख किसान झटपट अपने फसलों को तिरपाल से ढककर बचाते दिखे। खेतों में तैयार गेहूं के अलावा खलिहान पर ही गेहूं की बोझ बारिश के पानी में बर्बाद हो गया। दो दिनों से हल्की बारिश से फसल को नुकसान हुआ है।


इस बार किसानों की नजर गेहूं की फसल पर टिकी थी। वह भी मौसम की भेंट चढ़ता दिख रहा है। सैकड़ों क्विंटल गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। तेज हवा के संग मूसलाधार वर्षा से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गेहूं और मक्का को भारी नुकसान हुआ है।


वर्षा के संग बर्फ गिरने और हवा के कारण खेतों में लगा गेहूं व मक्का फसल के धराशाई होने से किसानों को भारी क्षति हुई है। कुछ जगहों पर फूस और पेड़ ध्वस्त हो गया है। वर्षा से तापमान में गिरावट आई है और गर्मी से राहत मिली है।
Be First to Comment