पटना: बिहार में सर्दी का सितम जारी है। मौसम विभाग ने पटना समेत अन्य जिलों में बुधवार से ठंड में और बढ़ोतरी की आशंका जताई है। इसके साथ ही घने कोहरे का अलर्ट भी जारी हुआ है। अगले 72 घंटे के भीतर राज्य में तापमान के तेजी से गिरने के आसार हैं। 12 जनवरी से राज्य में शीतलहर का अलर्ट भी जारी हुआ है। ठंड को देखते हुए पटना, किशनगंज समेत कुछ जिलों में स्कूलों की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। कोहरे की वजह से विमान और रेल सेवा बाधित हो रही है।
पटना सहित प्रदेश के अधिकतर शहरों में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान और गिरेगा। इससे ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार 2 से 4 डिग्री तक न्यूनतम तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान है। इस बीच, मंगलवार को राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 10.1 और अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना में सुबह कोहरा छाया रहा। हालांकि, दोपहर में धूप खिलने से लोगों को राहत मिली। सुबह और शाम पछुआ हवा ने लोगों को कनकनी का एहसास कराया।
बुधवार को उत्तर बिहार के साथ ही दक्षिण-पूर्व एवं दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ शहरों में घना कोहरा होने की संभावना है। इस दौरान पटना में भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। मंगलवार को पटना सहित 28 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट और 25 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबौर और दोपहर में सबसे गर्म शहर 25.4 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा रहा।
Be First to Comment