मुजफ्फरपुर: मुशहरी के रोहुआ निवासी आशुतोष कुमार ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफल होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यूपीपीएससी की डीएसपी की मेरिट लिस्ट में आशुतोष कुमार ने छठा स्थान प्राप्त किया है। आशुतोष के पिता रामेश्वर शर्मा पेशे से किसान और मां ममता शर्मा गृहिणी हैं। आशुतोष इससे पूर्व एसएससी सीजीएल की परीक्षा 2013 में पास कर पश्चिम बंगाल में आठ वर्षों से कस्टम ऑफिसर के रूप में सेवा दे रहे हैं।
आशुतोष ने बताया कि उन्होंने गांव के उच्च विद्यालय रोहुआ से मैट्रिक और एलएस कॉलेज से इंटर की पढ़ाई की थी। वर्धमान से 2010 में बीटेक में गोल्ड मेडल मिला था। पिछले आठ वर्षों से कस्टम ऑफिसर के रूप में काम करते हुए स्वाध्याय की बदौलत यह मुकाम हासिल किया है। इसके लिए किसी कोचिंग या अन्य सहारे की मदद नहीं ली है।
आशुतोष तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। दो छोटे भाई धीरज और सूरज भी बीटेक कर बंगलौर में इंजीनियर हैं। आशुतोष ने बताया कि 2020 में उनकी शादी हो चुकी है। अपनी पत्नी के सहयोग और अपने माता-पिता के आशीर्वाद के साथ आशुतोष अपनी कामयाबी का राज नियमित छह घंटे के स्वाध्याय को बताया हैं।
Be First to Comment