Press "Enter" to skip to content

पटना : शराब तस्करों को संरक्षण दे रहे मुख्यमंत्री : चिराग

पटना : लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सूबे में शराब से हो रही मौतों के लिए मुख्यमंत्री को सीधे तौर पर जिम्मेवार बताया है।

चिराग पासवान ने कहा कि 2016 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शराबबंदी कानून को ले कर आये थे। हमलोगों ने इसका समर्थन भी किया। लेकिन, बिहार में यह कानून कभी धरातल पर उतरा ही नहीं।

उन्होंने कहा कि अब तो राज्य में शराब का असर हर तरफ दिखने भी लगा है। उससे भी अधिक जहरीली शराब का असर दिख रहा है। जहरीली शराब के कारण सूबे में सैकड़ों लोगों की मौत हो गयी, लेकिन, मुख्यमंत्री इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सूबे में शराबबंदी के बाद भी जगह-जगह शराब कैसे मिल रही है, इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पर जहरीली शराब के तस्करों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाते हुए उनके आवास को सील करने की भी मांग की है।

चिराग पासवान ने कहा कि सूबे में जहरीली शराब से मरने वाले किसी भी पीड़ित के घर अब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं गये। आखिर ऐसा क्यों? इसके लिए सरकार दोषी है, न कि जनता। सरकार को इस पर जवाब देना ही होगा।

इसके साथ ही चिराग पासवान ने सूबे में जहरीली शराब के कारण मरने वाले लोगों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सूबे में अगर 100 अपराध होते हैं तो केवल सात लोगों को सजा होती है, ऐसा क्यों। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने हवा महल से निकल कर जनता के बीच जाना चाहिए।

 

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *