बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने पूर्व प्राचार्य के घर लूटपाट की। इस दौरान विरोध करने पर उनके बेटे को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर गाछी टोला की है।

पूर्व प्राचार्य शैलेंद्र कुमार सिन्हा के घर में गुरुवार की रात अपराधियों ने लूटपाट के लिए प्रवेश किया। अपराधियों ने अलमारी तोड़कर नगदी और कुछ सामान लूट भी लिया।

इसी दौरान परिवार के सदस्यों के जग जाने पर अपराधियों ने प्राचार्य के बेटे विशाल सिन्हा को गोली मारकर घायल कर दिया। फिलहाल घायल का इलाज एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 3:00 बजे सेवानिवृत्त प्राचार्य शैलेश कुमार के घर में चोरी और लूटपाट की नियत से अपराधी घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 15000 रुपये निकाल लिये। अन्य सामान निकालने से पहले ही विशाल सिन्हा का छोटा बेटा जग गया और रोने लगा।

बच्चे के रोने की आवाज सुनकर बच्चे की मां श्वेता कुमारी जगी तो उसने एक अपराधी को घर में देखा। फिर वह चिल्लाने लगी । पत्नी की चिल्लाहट के बाद विशाल सिन्हा भी जग गए और जैसे ही वह बिछावन से नीचे उतरे, अपराधी ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना के बाद शुक्रवार की सुबह नगर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन की। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुलिस के द्वारा लगातार रात्रि गश्ती के दावे किए जाते हैं, इसके बावजूद चोरी और लूटपाट की घटनाओं को अपराधी अंजाम कैसे दे रहे हैं।


















Be First to Comment