बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) और ग्रीनसेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के बीच 400 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किया गया है। इस समझौते के बाद राज्य में इलेक्ट्रिक बस सेवा का विस्तार तेजी से होने जा रहा है।
योजना के पहले चरण में जुलाई महीने से 200 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा। ये बसें राजधानी पटना समेत राज्य के छह प्रमुख शहरों में यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराएंगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बाकी 200 इलेक्ट्रिक बसों को भी सड़कों पर उतारा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पहली खेप में शामिल 200 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पटना सहित छह शहरों में किया जाएगा। इससे शहरों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं वाली बस सेवा मिल सकेगी।

इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह बैटरी से संचालित होंगी, जिससे डीजल आधारित वाहनों पर निर्भरता कम होगी। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
इस परियोजना की खास बात यह है कि इसमें महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है। कुल 200 बसों में से 50 बसें विशेष रूप से पिंक बसें होंगी। इन बसों को महिला यात्रियों को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जाएगा।












Be First to Comment