बिहार के सीमांचल इलाके में रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. कटिहार-बारसोई रेलखंड पर चल रहे नॉन इंटरलाकिंग (NI) कार्य के कारण कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है. रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही कई गाड़ियों के मार्ग में बदलाव किया है. इससे जोगबनी, अररिया, फारबिसगंज समेत सीमांचल क्षेत्र के हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रेलखंड पर ट्रैक और सिग्नल सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए नॉन इंटरलाकिंग का काम किया जा रहा है. रेलवे का कहना है कि यह कार्य यात्रियों की सुरक्षा और भविष्य में बेहतर रेल परिचालन के लिए जरूरी है. हालांकि इस दौरान कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के बंद होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 75745/75746 कटिहार-जोगबनी-कटिहार डेमू का परिचालन 19 जून तक पूरी तरह रद्द रहेगा. वहीं सीमांचल के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन संख्या 15723/15724 जोगबनी-सिलीगुड़ी-जोगबनी एक्सप्रेस भी 20 जून तक नहीं चलेगी.
इन ट्रेनों के बंद होने से रोजाना नौकरी, व्यापार और पढ़ाई के लिए सफर करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. कई यात्री स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन रद्द होने की जानकारी मिलने से परेशान नजर आ रहे हैं.
इसके अलावा लंबी दूरी की ट्रेन कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस पर भी असर पड़ा है. ट्रेन संख्या 13159 कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस को 17 जून तक और वापसी में ट्रेन संख्या 13160 जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस को 18 जून तक आंशिक रूप से रद्द किया गया है.











Be First to Comment