बिहार में मद्यनिषेध विभाग की सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रेल पुलिस और रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पाटलिपुत्र जंक्शन पर हाल ही में छात्रों द्वारा किए गए हंगामे और तोड़फोड़ की घटनाओं को देखते हुए इस बार 17 जून की परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है।
एडीजी रेल पुलिस डॉ. कमल किशोर सिंह ने बताया कि इस परीक्षा में लगभग साढ़े पांच लाख उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 16 और 17 जून को पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र और दानापुर समेत कई स्टेशनों से दर्जनभर से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है।
रेलवे की एक विशेष टीम पाटलिपुत्र जंक्शन पर हुई पथराव और तोड़फोड़ की घटनाओं से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, सबसे ज्यादा नुकसान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुआ, जहां कई टिकट काउंटर तोड़ दिए गए थे।

इसके अलावा तीन ट्रेनों के शीशे तोड़े गए और प्लेटफॉर्म पर लगी लाइटें, कुर्सियां और टेबल भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि यह राहत की बात रही कि उपद्रवी छात्र स्टेशन के मुख्य कार्यालयों तक नहीं पहुंच सके, अन्यथा नुकसान और अधिक हो सकता था।घटना को देखते हुए इस बार रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।














Be First to Comment