पटना: लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में लोकसभा चुना के पहले चरण का प्रचार खत्म हो गया और वोटिंग भी हो रही है। मगर महागठबंधन में सिर्फ आरजेडी ही प्रचार में जुटी हुई है। आरजेडी को छोड़कर कांग्रेस और लेफ्ट का कोई बड़ा नेता प्रचार में सक्रिय रूप से नहीं दिखा। चिराग ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन के नेता जानते हैं कि यह चुनाव हर बार से ज्यादा कठिन है, इसलिए प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने चारों सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों की जीत का दावा भी किया।
चिराग पासवान ने कहा कि जमुई लोकसभा सीट पर एनडीए की जीत होगी। यहां पीएम मोदी का नाम, चिराग पासवान का काम, सीएम नीतीश की मजबूती, जीतनराम मांझी एवं उपेंद्र कुशवाहा के सहयोग से जमुई में एकतरफा माहौल बना हुआ है। जमुई लोकसभा सीट बड़े मार्जिन से हम जीतने जा रहे हैं। यही माहौल पहले चरण की चारों सीटों पर है। एनडीए में एकता दिख रही है।
चिराग ने कहा कि दूसरी ओर महागठबंधन में एकता नहीं दिख रही है। अभी तक कांग्रेस या वाम दलों का कोई नेता प्रचार में नहीं दिखा। तेजस्वी यादव की सभा में मां की गाली देने वाले वीडियो पर चिराग ने कहा कि यह देखकर तकलीफ होता है। उन्होंने तेजस्वी के बयान पर भी पलटवार किया। पासवान ने कहा कि ऐसे मामले को छोटी बात बोलकर वे कवर-अप कर रहे हैं। यह छोटी बात नहीं हो सकती है।
चिराग पासवान ने आगे कहा कि हम जैसे युवा नेताओं को जनता आदर्श मानती है। हम पर बड़ी जिम्मेदारी है। हमें अपना आचरण ऐसा रखना चाहिए, जिससे लोग सीख सकें। कल जिसने तेजस्वी यादव के सामने चिराग पासवान के परिवार को गाली दे दी, उसकी हिम्मत कितनी बढ़ गई होगी। वह गांव में आम महिलाओं से कैसे बात करता होगा।


Be First to Comment