पटना: पूरे बिहार में बीते 10 दिनों से भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। दो दिनों से तो दिन के साथ ही रात में सर्दी कहर ढा रही है। दिन में कुहासा व सर्द पछुआ तो शाम के साथ कनकनी पर लोग कांप रहे हैं। सोमवार को दिन में शीत दिवस और रात में कोल्ड वेव से जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह घना कोहरा और दोपहर तक मध्यम फॉग ने ठंड बढ़ायी रखी। सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर रही। शाम सूर्यास्त से पहले ही कड़ाके की कनकनी सताने लगी।
सोमवार को गया जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री तो न्यूनतम 4 डिग्री कम रहा। अधिकतम 17.6 और न्यूनतम 4.1 डिग्री रहा। महज 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पिछले साल 2023 में 22 जनवरी को अधिकतम 25.6 व न्यनूतम 10.4 डिग्री रहा।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले दो दिनों में कड़ाके की ठंड से राहत का अनुमान नहीं है। मंगलवार की सुबह भी कोहरा छाया रहेगा। देर से धूप निकल सकती है। लेकिन, कनकनी व उत्तरी-पश्चिमी बर्फीली हवा कहर बरपाएगी। दिन में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। शाम से सुबह व धूप निकलने की सर्दी का प्रभाव अधिक रहेगा। वहीं पटना सहित प्रदेश के 15 शहर सोमवार को भीषण शीत दिवस और शीत दिवस की चपेट में रहे। सूबे के 24 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे पहुंच गया गया।
इस सीजन में पहली बार सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके चलते शीतलहर जैसे हालात रहे। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 4.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ गया और 20 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ मोतिहारी सबसे गर्म शहर रहा। पटना और गया में घना कोहरा भी छाया रहा। वहीं पश्चिम चंपारण के बाल्मीकि नगर में हल्के से मध्य स्तर की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कुछ शहरों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। कोहरा भी छाए रहने की संभावना है।
Be First to Comment