बिहार के अधिकतर जिलों में नवंबर महीने में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान कर बताया कि इस महीने में पुरवा के प्रभाव से हर साल से ठंड की स्थिति थोड़ी कम रह सकती है। राज्य के दक्षिण भाग में सामान्य से अधिक और शेष भाग में सामान्य बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्यभर में अक्टूबर महीने की मौसमी स्थिति का विश्लेषण किया।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले महीने यानी अक्टूबर में पटना का औसत अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रहा। प्रदेश में सबसे कम औसत तापमान 20.7 डिग्री कैमूर में दर्ज किया गया। जबकि सर्वाधिक औसत अधिकतम तापमान सीतामढ़ी में 34.5 डिग्री दर्ज किया गया। अक्टूबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान किशनगंज में 15.5 डिग्री 29 अक्टूबर को रहा।
पटना सहित प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना के न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री, औरंगाबाद में 1.4 डिग्री, कैमूर में 1.3 डिग्री, बक्सर में 1.3 डिग्री, गोपालगंज में 2.6 डिग्री, वैशाली में 1.2 डिग्री, छपरा में 0.4 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 0.8 डिग्री, भागलपुर में 0.3 डिग्री, जमुई में 1.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
वहीं धुंध के बढ़ने और तापमान में गिरावट से राज्य के कई जिलों की हवा प्रदूषित हुई है। सबसे बुरा हाल राजधानी पटना का है, जहां एक्यूआई का स्तर 240 के पार पहुंच गया। वहीं बेगूसराय, कटिहार, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया का वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार दर्ज किया गया। बढ़ता एक्यूआई का स्तर बुजुर्गों और बच्चों के लिए मुसीबत बन सकता है।
Be First to Comment