राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत शुक्रवार को अचानक खराब हो गई। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत महसूस होने के बाद उन्हें पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी विस्तृत चिकित्सकीय जांच की। अस्पताल में करीब दो घंटे तक निगरानी में रखने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। परिवार के अनुसार लालू यादव आगे के इलाज और नियमित जांच के लिए शनिवार को दिल्ली एम्स जाएंगे। लालू यादव के अस्पताल पहुंचने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल बन गया। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी।
IGIMS में लालू यादव की सबसे पहले आंखों की जांच की गई। अस्पताल के नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष (HOD) डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने उनकी आंखों की स्थिति का परीक्षण किया। इसके साथ ही डॉक्टरों ने उनका ECG समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए। जांच पूरी होने के बाद उन्हें कुछ समय तक ऑब्जर्वेशन में रखा गया ताकि उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके। अस्पताल सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच के बाद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है। हालांकि उनकी पुरानी स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए डॉक्टरों ने नियमित फॉलोअप जारी रखने की सलाह दी है।
इस दौरान लालू यादव के साथ उनकी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बेटी और सांसद मीसा भारती तथा बड़े बेटे तेजप्रताप यादव भी मौजूद रहे। अस्पताल में डॉक्टरों से लगातार परिवार के सदस्य उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते रहे।जांच पूरी होने के बाद मीसा भारती ने कहा कि फिलहाल लालू यादव की तबीयत ठीक है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि उनका नियमित इलाज दिल्ली स्थित एम्स में चल रहा है, इसलिए आगे की जांच और परामर्श के लिए शनिवार को उन्हें दिल्ली ले जाया जाएगा।

















Be First to Comment