झारखंड विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती जारी है। अभी तक के रुझानों में हेमंत सोरेन का जलवा बरकरार है. रुझानों में जेएमएम के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक बहुमत के जादुई आंकड़े से काफी आगे निकल चुका है. इंडिया ब्लॉक की इस जीत में जेएमएम के साथ-साथ उसके सहयोगी कांग्रेस और राजद का भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। वहीं बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए को एक बार फिर से विपक्ष में ही बैठना पड़ेगा. रुझानों में चंपई सोरेन, उनके बेटे बाबूलाल सोरेन और सीता सोरेन सहित बीजेपी के तमाम दिग्गज नेता पीछे चल रहे हैं. दूसरी ओर हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी गांडेय सीट से पीछे चल रही हैं।
चुनाव आयोग से जारी रुझानों में जेएमएम को 28, कांग्रेस को 15, राजद को 5 और सीपीआईएम को 2 सीटें मिलती दिख रही हैं. वहीं एनडीए खेमे से बीजेपी 27, आजसू और लोजपा-रामविलास एक-एक सीट पर आगे चल रही है. अन्य के खाते में भी दो सीटें जाती हुई दिख रही हैं. चुनाव आयोग के आंकड़े के हिसाब 6 राउंड से ज्यादा की मतगणना हो चुकी है और इंडिया ब्लॉक ने 50 सीटों पर लीड ले रखी है. अब इस आंकडे़ में बहुत ज्यादा फेरबदल होने की संभावना कम ही है।

इस आंकड़े से साफ है कि हेमंत सोरेन अकेले बीजेपी की पूरी टीम से निपटने में कामयाब हुए हैं. वहीं उनके सहयोगी कांग्रेस और राजद के साथ-साथ सीपीआईएम ने भी शानदार प्रदर्शन किया. दूसरी ओर एनडीए में आजसू सबसे कमजोर कड़ी साबित हो रही है. आजसू प्रमुख सुदेश महतो खुद भी सिल्ली सीट से पीछे चल रहे हैं. एनडीए की हार के लिए सिर्फ आजसू को दोष देना ठीक नहीं होगा, क्योंकि बीजेपी का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा है।




















Be First to Comment