पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को लोकसभा में बतौर एमपी शपथ ग्रहण की। शपथ लेते वक्त सदन में उनके तीखे तेवर भी देखने को मिले। दरअसल, पप्पू यादव ने शपथ लेने के बाद नीट परीक्षा फिर से कराने और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने समेत अन्य मांगें भी उठाईं। इस पर सत्ता पक्ष में बैठे संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें टोक दिया। इस पर पप्पू यादव भड़क गए और रिजिजू को तुरंत पलटवार करते हुए कहा- मैं छठा बार सांसद हूं, आप हमको सिखाइएगा। उन्होंने आगे कहा कि आप कृपा पर जीते हैं, मैं अकेला जीता हूं, चौथी बार निर्दलीय सांसद बनकर आया हूं।


पप्पू यादव ने लोकसभा सांसद के रूप में मैथिली भाषा में शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक का मामला उठाते हुए RENEET का टीशर्ट पहना हुआ था। शपथ का वीडियो पप्पू यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया। उन्होंने अपनी शपथ की शुरुआत प्रणाम पूर्णिया, सलाम बिहार के साथ की। शपथ ग्रहण के बाद पप्पू यादव ने कहा कि उनकी संसदीय जीवन की एक और पारी शुरू हो गई है। उनका उद्देश्य पूर्णिया मॉडल को बिहार में सेवा, न्याय और विकास की राजनीति का आर्दश बनाना है।


शपथ ग्रहण के दौरान पप्पू यादव ने सीमांचल जिंदाबाद, मानवतावाद जिंदाबाद, भीम जिंदाबाद और संविधान जिंदाबाद के नारे भी लगाए। उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के साथ ही नीट परीक्षा को रद्द कर इसे फिर से आयोजित कराने की मांग की। बता दें कि पप्पू यादव अक्सर युवाओं के मुद्दों पर मुखर दिखते हैं।



पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा में नेता विपक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की एकमात्र उम्मीद है। उनका लोकसभा में विपक्ष का नेता बनना लोकतंत्र, संविधान, न्याय, समता और सौहार्द की राजनीति के लिए सुखद संकेत है। वे न झुके, न डरे, आगे भी नहीं झुकेंगे, न रुकेंगे और न डरेंगे। वे लड़ेंगे और राष्ट्र की लुटेरों से रक्षा करेंगे।



















Be First to Comment