पटना: बिहार की राजनीति में भाषा की मर्यादा से इन दिनों खिलवाड़ हो रहा है। राजनीतिक दलों को जानवरों के नाम से प्रतिबिंबित किया जा रहा है। इशारों में किसी दल को भैंस तो किसी दल को गधा कहा जा रहा है वार-प्रतिवार के दौर में कोई दल पीछे रहने को तैयार नहीं है । पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनता दल के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के एक बयान से सूबे की सियासत में भूचाल आ गया है। नीतीश कुमार पर उनके हमले से लालू यादव की पार्टी आरजेडी और जेडीयू के नेता आग उगल रहे हैं।

कभी नीतीश कुमार के बेहद करीब रहे उपेंद्र कुशवाहा इन दिनों उनसे बेहद खफा हैं। बहाने खोज खोज कर कुशवाहा नीतीश कुमार पर हमला कर रहे हैं। कभी प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर तो कभी विपक्षी एकता पर उपेंद्र कुशवाहा नीतीश कुमार को आड़े हाथों लेते रहते हैं। राजगीर के शिविर के अंतिम दिन कुशवाहा ने बिहार के मुख्यमंत्री पर बड़ा हमला किया। इस दौरान भाषाई मर्यादा एक बार फिर तार-तार हो गई।
शिविर में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार का डूबना तय है। जिस भैंस पर सवार होकर नीतीश कुमार राजनीति कर रहे हैं वह भैंस ही उन्हें डूबा देगी और नीतीश कुमार का बेड़ा गर्क हो जाएगा।
दरअसल नीतीश कुमार ने जबसे डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया तब से उपेंद्र कुशवाहा उनके विरोधी हो गए। नीतीश कुमार को भैंस पर बैठने की नसीहत देने के पीछे कुशवाहा का इशारा आरजेडी की ओर है। उनके बयान पर महागठबंधन के दलों में खलबली मच गई है। वहीं विरोधी भाजपा कुशवाहा के समर्थन में है।

कुशवाहा के बयान पर आरजेडी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया दी गई। पार्टी प्रवक्ता शक्ति यादव ने उपेंद्र कुशवाहा के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी पर भी हम’ला बोला। शक्ति यादव ने कहा कि नीतीश जी अगर भैंस पर सवार हैं तो उपेंद्र कुशवाहा गधे पर बैठे हैं। प्रवक्ता ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा जिस गधे की सवारी कर रहे हैं वह उनको पटक कर डूबा देगा। उपेंद्र कुशवाहा को उनके लहजे में जवाब दिया जाए तो कैसा लगेगा। उन्होंने कहा कि गधा बेहद बेपरवाह जानवर के रूप में जाना जाता है। इसे लेकर कई सारे कहावत और कथाएं भी प्रचलित हैं।
यादव के समर्थन में जदयू नेता भी उतर गए। पार्टी नेता नीरज कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा को नसीहत दी।उन्होंने कहा है कि बिहार की जनता सब देख रही है। उपेंद्र कुशवाहा अभी वेटिंग लिस्ट में है। एनडीए में उन्हें जगह नहीं मिली है। नीरज कुमार ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अभी तक उन्हें आरएसी भी नहीं मिला है, कंफर्मेशन हासिल करने के लिए कुछ कुछ बोल रहे हैं।
इधर बीजेपी कुशवाहा का समर्थन कर रही है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि बिहार की राजनीति सही में पानी में डूबती जा रही है। कुशवाहा का कहना बिल्कुल सही है। पार्टी प्रवक्ता अरविंद सिंह ने भी राजद और जदयू पर राजनीति भाषा की मर्यादा को तोड़ने का आरोप लगाया है।










Be First to Comment