पटना: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक जनता दल के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए में शामिल होने की तैयारी कर ली है। नालंदा जिले के राजगीर में चल रहे आरएलजेडी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इसके समापन के अवसर पर रविवार को कुशवाहा एनडीए में जाने की घोषणा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार से ही हर वर्ग का विकास हो सकता है। हाल ही में कुशवाहा ने दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद से उनके बीजेपी के साथ चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गईं।
मिली जानकारी के मुताबिक, अमित शाह से मिलने के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने आरएलजेडी को एनडीए में शामिल कराने पर विचार बना लिया है। नालंदा में जारी पार्टी के मंथन और प्रशिक्षण शिविर में इस पर चर्चा होने की संभावना है। कुशवाहा इस शिविर के समापन कार्यक्रम में रविवार को एनडीए में जाने की घोषणा कर सकते हैं।
गठबंधन सरकार से ही होगा विकास : कुशवाहा
नालंदा जिले के राजगीर में शुक्रवार को आरएलजेडी के प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन हुआ। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कुशवाहा ने एनडीए में जाने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा को बचाने की जब-जब जरूरत पड़ी है, उन्होंने बड़े फैसले लिए हैं। समाज और विरासत को आगे बढ़ाने के लिए राजनीतिक कार्यकर्ता को विष पीने से परहेज नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लालू यादव भी पहले कर्पूरी ठाकुर की राह पर चले थे। लेकिन, बाद में वे परिवार को सबसे ऊपर देखने लगे। गरीबों के लिए देश और राज्यों में गठबंधन की सरकार जरूरी है। गठबंधन से ही समाज के हर वर्ग का विकास हो सकता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अदावत के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने इसी साल 20 फरवरी को जेडीयू से इस्तीफा दिया था। इसके तुरंत बाद उन्होंने आरएलजेडी के नाम से नई पार्टी बनाने का ऐलान किया। फिर उन्होंने बिहार में राजनीतिक यात्रा निकाली। जेडीयू छोड़ने के बाद से कुशवाहा के बीजेपी के साथ जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछले हफ्ते उपेंद्र कुशवाहा दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे थे। दोनों नेताओं की करीब 45 मिनट तक बात हुई। इसके बाद से ही आरएलजेडी के एनडीए में शामिल होने की अटकलों को गति मिल गई।
Be First to Comment