Press "Enter" to skip to content

RJD में बढ़ रहा है नीतीश का विरोध, दो विधायकों के बाद अब पार्टी उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने भी साधा निशाना

पटना: बिहार में आरजेडी और जेडीयू में खटपट जारी है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की चेतावनी के बावजूद आरजेडी के विधायक और नेता सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोलने से नहीं कतरा रहे हैं। अब आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने नीतीश की समाधान यात्रा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सीएम की यात्रा में आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इससे पहले आरजेडी विधायक सुधाकर सिंह और विजय मंडल भी नीतीश पर हमला बोल चुके हैं।

RJD में बढ़ रहा है नीतीश का विरोध, दो विधायकों के बाद अब पार्टी उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने भी साधा निशाना

आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की “समाधान यात्रा” में आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। जिलों के अधिकारी कुछ चिह्नित स्थानों को दिखाते हैं, जो पहले से तय होता है। ये चुनाव का वर्ष है, जनता की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। सरकारी दफ्तरों में लोगों का काम कैसे आसानी से हो ये सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अधिकारियों के भरोसे नहीं रहना चाहिए।

शिवानंद ने कहा कि उन्होंने जीवन-भर लालू, नीतीश और रामविलास के साथ कंधा से कंधा मिलाया है, ठेहा लगाया है। ऐसे में उनके राजनीतिक और नैतिक फर्ज को निभाने का उन्हें अधिकार है और गलत को गलत बोलने का भी अधिकार है। बिहार गांधी, जेपी, और लोहिया की भूमि है, यह भाजपाइयों के हाथों में चला जाए यह वे संभव नहीं होने दे सकते हैं। बिहार में महागठबंधन सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करने वाले शिवानंद आरजेडी के तीसरे नेता हैं।

सुधाकर को लेकर आरजेडी-जेडीयू में तकरार

आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और नीतीश सरकार में कृषि मंत्री रह चुके सुधाकर सिंह लगातार सीएम नीतीश की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने मुख्यमंत्री की तुलना महाभारत के किरदार शिखंडी से कर दी थी। इस पर जेडीयू और आरजेडी नेताओं के बीच तकरार देखने को मिली। जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और एमएलसी संजय सिंह ने आपत्ति जताई।

तेजस्वी की आरजेडी नेताओं को चेतावनी

सुधाकर सिंह के विवाद को गहराते देख डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी के बड़बोले नेताओं को चेतावनी दी। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार महागठबंधन के नेता हैं। उनके खिलाफ कोई भी बयान देने का अधिकार आरजेडी में सिर्फ लालू प्रसाद यादव और खुद उन्हें हैं। इसके अलावा कोई भी नीतीश के खिलाफ बयानबाजी नहीं कर सकता। उन्होंने सुधाकर सिंह को भी चुप रहने और नहीं तो कार्रवाई झेलने की चेतावनी दी थी।

आरजेडी विधायक विजय मंडल का नीतीश पर अटैक

नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की सहयोगी आरजेडी के विधायक विजय मंडल ने भी नीतीश कुमार की आलोचना की है। दो दिन पहले उनका एक वीडियो राजनीतिक हलके में चर्चा का विषय बन गया। इसमें वे विधानसभा परिसर के अंदर पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा से बातचीत में नीतीश कुमार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाल दी। उन्होंने कहा कि सीएम की यात्रा में कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारी किसी की नहीं सुन रहे हैं। सरकार निरंकुश हो गई है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *