Press "Enter" to skip to content

भाजपा प्रभारी का कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र, बोले- चुनाव कोई भी हो, जीतना हमारा लक्ष्य

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तथा बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े ने रविवार को पार्टी नेताओं को चुनावी मंत्र दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी तमाम चुनावों में जीत का लक्ष्य निर्धारित करते हुए योजना बनाने का टास्क सौंपा है।

भाजपा प्रभारी का कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र, बोले- चुनाव कोई भी हो, जीतना हमारा लक्ष्य

विनोद तावड़े ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में 40 में से 40 सीट जीतना हमारा लक्ष्य है। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनानी है। अगले लोकसभा चुनाव के बाद फिर भाजपा ही सरकार बनायेगी। उस सरकार में समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा होगी।

बिहार प्रभारी ने रविवार को पटना में दो सत्रों में क्षेत्रीय बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पटना, मगध और शाहाबाद क्षेत्र के अलग-अलग 11 जिलों की बैठक हुई, बैठक में सभी जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कोर कमेटी के सदस्य, मोर्चा अध्यक्ष, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक व विधान पार्षद उपस्थित थे।

नेताओं को संबोधित करते हुए श्री तावड़े ने कहा कि कार्यकर्ता स्वेच्छापूर्वक संगठन के कार्य से जुड़ें। हमारा दायित्व केवल संगठन को मजबूत करना या बढ़ाना ही नहीं, कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में भागी बनना भी है। संगठन की मजबूती के लिए जानकारियों को साझा करने के साथ सीखने और सिखाने की आदत डालनी होगी।

इसमें संगठन एवं कार्यकर्ता का हित छुपा है। आपस में किन विषयों की चर्चा करनी है, यह जानकारी लेनी और देनी चाहिए। साथ ही सभी दायित्ववान प्रमुख कार्यकर्ताओं को संगठन क्षेत्र में सामाजिक, राजनीतिक और बौद्धिक विकास के लिए कार्य करना चाहिए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बिहार प्रभारी ने कहा कि बूथ स्तर तक तैयारी करनी है। चुनाव का स्तर कोई भी हो, जीतना पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए।

बैठक को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जयसवाल ने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी से लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। बैठक का संयोजन प्रदेश महामंत्री संजीव चौरसिया और संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष नीतीश मिश्रा ने किया। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी शामिल रहे।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *