Press "Enter" to skip to content

नीतीश का बिहार में मन नहीं लग रहा, सोच लें आरजेडी 2024 में कितनी सीट देगी- आरसीपी

लोकसभा चुनाव 2024 में विपक्ष को एकजुट करने की कवायद में जुटे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने निशाना साधा है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि सीएम नीतीश का बिहार में मन नहीं लग रहा है। पहले वह खुद सोच लें कि महागठबंधन में जेडीयू को आगामी लोकसभा चुनाव में लड़ने के लिए कितनी सीटें मिलेंगी। आरजेडी जेडीयू को कितनी सीट देगी? आरसीपी ने कहा कि नीतीश को दरबारी कल्चर पसंद हैं। उनपर उम्र भी हावी हो गई है और असंयमित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

आरसीपी सिंह बोले- नीतीश का बिहार में मन नहीं लग रहा, सोच लें आरजेडी 2024 में कितनी सीट देगी

पिछले दिनों जेडीयू छोड़ने वाले आरसीपी सिंह ने पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार को मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दरबारी कल्चर पसंद आता है। बिहार के गांवों और प्रखंडों में लोगों की समस्याओं के निदान की कोई व्यवस्था उन्होंने 17 साल में नहीं की। मगर पटना में जनता दरबार लगाते हैं।

नीतीश पर उम्र हावी, भाषा खराब हो गई- आरसीपी सिंह

आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार पर उम्र हावी हो गई है। वे चीजों को भूल रहे हैं। इस वजह से उनकी भाषा भी बहुत खराब हो गई है। यह बिहार के लिए ठीक नहीं है। पहले सीएम नीतीश अपनी संयमित भाषा के लिए जाने जाते थे। मगर अब वे असंयमित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। आरसीपी ने कहा कि नीतीश कुमार ने उनके खिलाफ विधानमंडल  से लेकर जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक तक, सभी जगहों पर खराब भाषा का इस्तेमाल किया। इसका कोई औचित्य नहीं है।

बिहार में बाढ़ और सुखाढ़, नीतीश दिल्ली घूम रहे : आरसीपी

आरसीपी सिंह ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को अपने यहां विकास करने के लिए जनादेश दिया था। मगर वे दिल्ली पहुंचे हुए हैं। अभी बिहार में बाढ़ और सुखाड़ की बहुत गंभीर स्थिति है। उन्हें प्रभावित इलाकों में जाना चाहिए और किसानों की मदद करनी चाहिए। मगर किसान पस्त हैं और मुख्यमंत्री दिल्ली मस्त हैं। वे विपक्षी एकता नहीं बल्कि पक्षी एकता में लगे हुए हैं। पक्षियों में एकता नहीं हो सकती है।

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *