विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का मंगलवार को भव्य शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 2:30 बजे सुलतानगंज के नमामि गंगे घाट से मेले का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही करोड़ों शिवभक्तों की उस आस्था यात्रा की औपचारिक शुरुआत होगी, जिसमें श्रद्धालु गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम तक पहुंचते हैं।
इस वर्ष श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुरक्षा, तकनीक, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार कांवरियों को अधिक सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पहली बार ‘जीविका दीदी की रसोई’ और श्रावणी मेला मोबाइल ऐप की शुरुआत इस आयोजन को और खास बनाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शंखनाद के साथ श्रावणी मेला 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान श्रावणी मेला 2026 की स्मारिका का विमोचन होगा और श्रावणी मेला मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा। समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री, पर्यटन मंत्री, कला-संस्कृति मंत्री, पीएचईडी मंत्री, प्रभारी मंत्री, भागलपुर और बांका के सांसद तथा सुलतानगंज के विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
















Be First to Comment