Press "Enter" to skip to content

‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’, पेपर लीक पर जारी घमासान के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान

बिहार समेत देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पेपर लीक मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह बयान दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस पोस्ट को भी साझा किया, जिसमें पीएम ने पेपर लीक के दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए कठोर सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह किए गए पोस्ट में कहा कि पेपर लीक मामलों की जल्द सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के निर्देश संबंधित विभाग को दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्र की एनडीए सरकार की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना मोदी सरकार की गारंटी है।

बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से युवाओं का आंदोलन जारी है। मंगलवार को राजधानी दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के बाद बुधवार को पटना में भी उग्र प्रदर्शन हुआ। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

पटना में गुरुवार को भी छात्र सड़कों पर उतरे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। इसके अलावा राज्य के कई अन्य शहरों में भी छात्र आंदोलन जारी है। कटिहार में गुरुवार को कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान हंगामा हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज किया।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *