बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने सार्वजनिक जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव की शुरुआत आस्था के साथ की। विधानसभा की कार्यवाही में पहली बार बतौर मंत्री शामिल होने से पहले निशांत कुमार पटना स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। हालांकि आज निशांत कुमार का जन्मदिन भी है ऐसे में उन्होंने इस मौके पर और ख़ास बनाया है।
इस दौरान उनके साथ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। पिता-पुत्र ने एक साथ मंदिर में दर्शन किए और भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया। महावीर मंदिर में पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ भी मौजूद रही। मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूजा-अर्चना के बाद दोनों ने मंदिर से निकलकर विधानसभा के लिए प्रस्थान किया।

निशांत कुमार के लिए यह दिन कई मायनों में खास माना जा रहा है। हाल ही में वे बिहार विधान परिषद के सदस्य बने हैं और इसके बाद उन्हें राज्य सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला विधानसभा मानसून सत्र है, जिसमें वे बतौर मंत्री सदन की कार्यवाही में भाग लेंगे। ऐसे में सत्र शुरू होने से पहले महावीर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करना उनके लिए एक शुभ शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर मंदिर जाकर आशीर्वाद लेने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। कई नेता किसी नए दायित्व की शुरुआत से पहले धार्मिक स्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना करते हैं। निशांत कुमार ने भी इसी परंपरा का पालन करते हुए अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत भगवान के आशीर्वाद के साथ की।












Be First to Comment