Press "Enter" to skip to content

दिल्ली में नए सरकारी बंगले में गृह प्रवेश करेंगे नीतीश कुमार; अमित शाह-राहुल गांधी के घर के पास मिला आवास

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार शुक्रवार को विशेष चार्टर्ड विमान से दिल्ली जाएंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह पटना से रवाना होंगे और उसी दिन गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के बाद विशेष चार्टर्ड विमान से वापस पटना लौट आएंगे।

दिल्ली प्रवास के दौरान नीतीश कुमार अपने नए सरकारी आवास में गृह प्रवेश करेंगे। उन्हें राज्यसभा सदस्य के रूप में राजधानी के प्रतिष्ठित वीआईपी क्षेत्र 9, सुनहरी बाग रोड स्थित सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। यह आवास लुटियंस दिल्ली के सबसे महत्वपूर्ण सरकारी आवासीय क्षेत्रों में शामिल है और ‘टाइप-8’ श्रेणी का बंगला है, जिसे वरिष्ठ संवैधानिक पदाधिकारियों, केंद्रीय मंत्रियों और उच्च श्रेणी के जनप्रतिनिधियों को आवंटित किया जाता है।

गृह प्रवेश कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जानकारी के अनुसार वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नए आवास में प्रवेश किया जाएगा। इस अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। दोनों दलों के राष्ट्रीय और केंद्रीय स्तर के नेताओं के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम अतिथि सूची को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

राजनीतिक दृष्टि से भी यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नीतीश कुमार पिछले दिनों मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद सक्रिय रूप से राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी नई भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में राजधानी दिल्ली में नए सरकारी आवास में उनका प्रवेश उनके राजनीतिक जीवन के नए अध्याय के रूप में भी देखा जा रहा है।दिल्ली का 9, सुनहरी बाग रोड इलाका देश के सबसे सुरक्षित और प्रतिष्ठित सरकारी क्षेत्रों में गिना जाता है। इस इलाके में कई केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ सांसद और शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारी निवास करते हैं। नीतीश कुमार का नया आवास केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सरकारी आवास के निकट स्थित है। वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आवास भी इसी वीआईपी क्षेत्र के बेहद करीब है। इस कारण यह इलाका राष्ट्रीय राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *