बिहार के बहुप्रतीक्षित विक्रमशीला ब्रिज को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर 2026 से विक्रमशीला ब्रिज का परिचालन पूरी तरह आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। लंबे समय से मरम्मत कार्य के कारण प्रभावित इस पुल के चालू होने से भागलपुर समेत सीमांचल के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
भागलपुर में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पुल के पुनर्स्थापन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी निर्माण और मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि 30 नवंबर से आम जनता बिना किसी परेशानी के इस पुल का उपयोग कर सके।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जब विक्रमशीला ब्रिज क्षतिग्रस्त हुआ था, तब भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया और आसपास के जिलों के लोगों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रोजाना हजारों वाहन इस पुल से गुजरते हैं और इसके प्रभावित होने से आम लोगों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई थीं।
उन्होंने बताया कि हालात को देखते हुए सरकार ने तत्काल कदम उठाया और भारतीय सेना की मदद से अस्थायी बेली ब्रिज तैयार कराया, ताकि यातायात पूरी तरह बंद न हो और लोगों की आवाजाही किसी तरह जारी रह सके। इस व्यवस्था ने आपातकालीन स्थिति में लोगों को काफी राहत पहुंचाई।












Be First to Comment