बिहार सरकार की राज्य स्तरीय जन-शिकायत निवारण पहल ‘सहयोग’ के तहत मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में विभिन्न जिलों से प्राप्त चयनित जन-शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।
‘सहयोग’ बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण जन-केंद्रित पहल है। इसका उद्देश्य जिला स्तर पर शिकायतों के निस्तारण से असंतुष्ट नागरिकों को राज्य स्तर पर अपनी बात रखने और न्याय प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

सरकार के अनुसार, सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की निर्धारित मानकों के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी समीक्षा की जाती है। समीक्षा के बाद चयनित मामलों की सुनवाई प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित की जाएगी।
राज्य सरकार का कहना है कि उसकी प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की शिकायत को गंभीरता से सुनना और उसका न्यायसंगत, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार का मानना है कि ‘सहयोग’ कार्यक्रम सरकार और आम जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ जनविश्वास बढ़ाने और सुशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।














Be First to Comment