वैशाली: वैशाली जिले के हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। कौनहारा श्मशान घाट के पास दियरा में गंडक नदी में एक महिला और एक पुरुष ने एक साथ छलांग लगा दी। घटना में पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला को इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। दोनों शवों की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों की मदद से पहचान करने में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार, कौनहारा श्मशान घाट से करीब 400 मीटर दूरी पर स्थित दियारा के पास मंगलवार को एक महिला और एक पुरुष ने गंडक नदी में छलांग लगा दी। नदी में छलांग लगते ही आसपास मौजूद लोगों ने “बचाओ बचाओ” की आवाजें सुनी। रेत पर खेती कर रहे मजदूर तुरंत काम छोड़कर बचाने के लिए मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों, मछुआरों और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से पुलिस ने गंडक नदी से दोनों को बाहर निकाला। जांच में पाया गया कि पुरुष की मौत पहले ही हो चुकी थी, जबकि महिला अभी सांस ले रही थी। पुलिस ने महिला को अपने गस्ती वाहन पर लादकर तुरंत सदर अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।













Be First to Comment