गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे भवानी मंदिर में करोड़ों की चोरी हुई थी. इसी बीच कुचायकोट के बाहुबली विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय की दरियादिली चर्चा का विषय बनी हुई है.

थावे भवानी का आभूषण से श्रृंगार
मंदिर से मां थावे वाली के ऐतिहासिक मुकुट और कीमती आभूषण चोरी होने से भक्तों में जो निराशा थी, उसे विधायक ने अपनी श्रद्धा और दानशीलता से दूर करने का प्रयास किया है. विधायक आज अपने भाई सतीश पाण्डेय के साथ थावे मंदिर पहुंचे. विधि विधान के साथ मां की पूजा अर्चना कर करीब ढाई करोड़ की लागत से बने सोने की मुकुट, हार, कान की बाली, बिंदी और गले के चॉपर को समर्पित किया.


क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पिछले 17 दिसम्बर की देर रात मंदिर के गर्भगृह से अज्ञात चोरों ने मां के स्वर्ण मुकुट और अन्य गहनों पर हाथ साफ कर दिया था. इस घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे, बल्कि देश-दुनिया में फैले मां के भक्तों की आस्था को भी गहरी चोट पहुंचाई थी. चोरी किए गए आभूषणों की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता अनमोल थी.

विधायक ने वादे को किया पूरा
इस घटना के बाद भक्तों की उदासी और मां के दरबार की सूनी आभा को देखते हुए विधायक पप्पू पांडेय ने एक बड़ा संकल्प लिया. उन्होंने मां के लिए नया मुकुट और आभूषण बनवाने की घोषणा की. आज उन्होंने पूर्व में किए गए घोषणा को पूरा किया. उन्होंने सविधि पूजा-अर्चना के बाद मां को भव्य स्वर्ण मुकुट, हार, कान की बाली, बिंदी और गले के चॉपर को अर्पित किया.

’24 घंटा के अंदर अपराधियों का वध’
पप्पू पांडेय ने कहा कि मां तो हमेशा सबको शक्ति देने का काम करती हैं, लेकिन जिसने इस घटना को अंजाम दिया है वह इंसान नहीं दानव है. राम के समय में रावण राक्षस था तो उसका वध हुआ. इस बार हमारी मैया 24 घंटा के अंदर अपराधियों को वध करेगी. उसको सजा देने का काम करेगी.














Be First to Comment