गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में थावे भवानी मंदिर में भीषण चोरी हुई है. शातिर चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर मां दुर्गा की प्रतिमा पर से 51 लाख का सोने-चांदी का मुकुट, कीमती हार और अन्य जेवरात चुरा लिए हैं. मंदिर के भीतर रखे लॉकर (दानपेटी) को भी निशाना बनाया है. चोरी गए सामान की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है.


CCTV में कैद हुई चोरों की करतूत
चोरी की पूरी वारदात मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. कैमरे में साफ दिख रहा है कि चोर मंदिर के अंदर सीढ़ी और रस्सी की मदद से पहुंचे. दानपेटी का गैस कटर से ताला काटा गया. इसके बाद आराम से चोर मां भवानी के जेवर और दानपेटी उठा ले गए. लेकिन मंदिर के बाहर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी.

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने पूरे मंदिर परिसर को घेर लिया है और साक्ष्य के लिए कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. जांच को और तेज करने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा सकती है. वहीं इस वारदात के बाद एसपी अवधेश दीक्षित सदर एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

मंदिर के पास टीओपी
बता दें कि गर्भगृह समेत मंदिर परिसर में करीब 26 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. मंदिर के पास में टीओपी स्थित है, जहां चार गार्ड और एक ऑफिसर की तैनाती है. सीसीटीवी की निगरानी आठ लोगों द्वारा अपने मोबाइल से की जाती है. बावजूद इस वारदात को अंजाम देना सवालों के घेरे में है.

लोगों में घटना से आक्रोश
घटना की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश है कि इतने प्रसिद्ध और संवेदनशील धार्मिक स्थल पर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई?













Be First to Comment