बिहार : बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य की राजनीति में एक बड़ी नजीर पेश की है। पार्टी द्वारा दी गई नई जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए उन्होंने ‘एक व्यक्ति, एक पद’ (One Person, One Post) के सिद्धांत के तहत अपने सभी मंत्री पदों से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि नितिन नवीन के पास पथ निर्माण विभाग और नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी थी। एक महीने पहले उन्होंने बिहार में नई सरकार बनने के बाद इन दोनों विभाग की जिम्मेदारी संभाली थी।

मुख्यमंत्री को सौंपा इस्तीफा
मंगलवार को नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके करीबियों ने इसकी पुष्टि की है। वहीं सरकार की तरफ से इस पर अभी अधिकारिक लेटर जारी नहीं किया गया है। उनके पास बिहार सरकार में महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी। कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि वे मंत्री पद छोड़ सकते हैं, जिस पर आज उन्होंने विराम लगा दिया।

संगठन को मजबूत करना पहली प्राथमिकता
इस्तीफा देने के बाद नितिन नवीन ने स्पष्ट किया कि पार्टी ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जो जिम्मेदारी दी है, उसके लिए उन्हें पूरा समय देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “मैं संगठन का कार्यकर्ता हूँ। पार्टी ने मुझे प्रदेश में संगठन को और धारदार बनाने की जिम्मेदारी दी है। दोहरी जिम्मेदारियों के साथ न्याय करना मुश्किल होता, इसलिए मैंने मंत्री पद छोड़ने का निर्णय लिया ताकि पूरा समय पार्टी के विस्तार और मजबूती में लगा सकूँ।”

भाजपा के ‘एक व्यक्ति, एक पद’ का संदेश
नितिन नवीन के इस कदम को भाजपा के अनुशासन और ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की नीति के अनुपालन के तौर पर देखा जा रहा है। उनके इस्तीफे के बाद अब मंत्रिमंडल में उनके विभागों की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी, इस पर जल्द ही निर्णय लिए जाने की संभावना है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार भी हो सकता है।

















Be First to Comment