गयाजी: बिहार के गयाजी रेलवे जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है. यहां आरपीएफ की टीम ने ऑपरेशन विलेप के तहत कार्रवाई करते हुए 12312 डाउन नेताजी एक्सप्रेस से जीवित 76 कछुए बरामद किए हैं. रेल पुलिस के अनुसार, इन संरक्षित कछुओं की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 38 लाख रुपये है. इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

नेताजी एक्सप्रेस से 76 जीवित कछुए बरामद
आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि, सोमवार सुबह गयाजी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर आरपीएफ की टीम 12312 डाउन नेताजी एक्सप्रेस की जांच कर रही थी. तलाशी के दौरान जनरल बोगी से टीम ने चार बैग और एक झोला संदिग्ध अवस्था में बरामद किया.

बैग में छुपाए गए थे कछुए
आरपीएफ की टीम ने जब चारों बैग और झोले को खोलकर देखा तो उसमें जीवित 76 कछुए थे. यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी को बैग के बारे में कुछ भी नहीं बताया. आरपीएफ ने चारों बैग और झोला को कछुआ सहित अपने कब्जे में ले लिया.

RPF ने सभी कछुओं को वन विभाग को सौंपा
आरपीएफ की टीम ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी. सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम के रेंज अधिकारी आरती कुमारी के प्रतिनिधि सहायक उप निरीक्षक वशिष्ठ नारायण टीम आरपीएफ पोस्ट पहुंचे. जांच के बाद वन विभाग की टीम ने सभी कछुओं को अपने कब्जे में ले लिया.

कछुओं की अनुमानित कीमत 38 लाख
अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान में सरंक्षित कछुओं को बरामद किया गया है. इन कछुओं की कीमत 38 लाख आंकी गई है. इन्हें तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था. इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. वहीं वन विभाग की टीम ने बताया कि सभी कछुओं को जांच के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा.










Be First to Comment