बिहार : बिहार के चर्चित छात्र नेता दिलीप कुमार एमएलसी चुनाव लड़ने वाले हैं। उन्होंने 2026 में होने वाले बिहार विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवारी का ऐलान किया है। वह दरभंगा स्नातक एमएलसी सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे।

पिछले साल बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा से जुड़े हुए छात्र आंदोलन के बाद वे चर्चा में आए थे, उन्हें जेल भी हुई थी। उन्होंने हाल ही में बहादुरपुर विधानसभा सीट से चुनाव निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन करारी हार का सामना करना पड़ा था।

विधानसभा चुनाव में हार मिलने के बाद अब दिलीप कुमार एमएलसी चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर दरभंगा, मधुबनी, बेगूसराय और समस्तीपुर जिले के ग्रेजुएट लोगों से वोटर बनने की अपील भी की है। एमएलसी चुनाव 2026 में वोटर बनने के लिए आवेदन करने की बुधवार को आखिरी तारीख है। उन्होंने कहा कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से वे आगामी चुनाव में प्रत्याशी होंगे, जिसमें इन चारों जिलों के वोटर मतदान कर सकते हैं।

दिलीप का कहना है कि वह बीते 10 सालों से युवाओं की आवाज सड़क पर प्रमुखता से उठाते रहे हैं। मगर सदन में छात्र एवं युवाओं के मुद्दों को नहीं उठाया जाता है। इसलिए वह चुनावी राजनीति में आए हैं।

विधानसभा चुनाव में मिले थे सिर्फ 1778 वोट
दिलीप कुमार दरभंगा जिले के रहने वाले हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में उन्होंने बहादुरपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय पर्चा भरा था। हालांकि, उन्हें सिर्फ 1778 वोट मिले थे। इस सीट पर जदयू के मदन सहनी की जीत हुई, राजद के भोला यादव दूसरे नंबर पर रहे।

बीपीएससी आंदोलन का चेहरा रहे हैं दिलीप कुमार
बीते दो सालों में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक, डोमिसाइल समेत अन्य मांगों को लेकर हुए विभिन्न आंदोलन से दिलीप कुमार चर्चा में आए। उन्होंने पटना में बीपीएससी आंदोलन का नेतृत्व किया और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के साथ सड़कों पर प्रदर्शन किया। दो महीने पहले उन्होंने BPSC TRE 4 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने को लेकर पटना में प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन उन्हें दरभंगा में पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।

इससे पहले दिसंबर 2024 में 70वीं BPSC परीक्षा में कथित पेपर लीक, नॉर्मलाइजेशन मुद्दे पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। फिर उन्हें बेऊर जेल भेजा गया था। बाद में उन्हें जमानत मिली। दिलीप कुमार ने पिछले महीने विधानसभा चुनाव के दौरान जो चुनावी हलफनामा दायर किया उसमें छात्र आंदोलन से जुड़े 9 केस में खुद को आरोपी बताया है।











Be First to Comment