बिहार के रेल यात्रियों को जल्द ही सफर के दौरान कई नई सुविधाएं मिलने वाली हैं। पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी कर रहा है। इसके तहत लगभग 50 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही नई डिजाइन और आधुनिक सुविधाओं से लैस पैसेंजर ट्रेनों का भी संचालन शुरू होगा।
पूर्व मध्य रेलवे के पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र स्टेशन समेत करीब 50 प्रमुख स्टेशनों पर ड्रोन तैनात किए जाएंगे। इन ड्रोन की मदद से पूरे स्टेशन परिसर, यात्रियों की भीड़ और हर गतिविधि पर रियल-टाइम नजर रखी जाएगी।
ड्रोन तकनीक के जरिए त्योहारों और विशेष अवसरों पर स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ की निगरानी करना आसान होगा। इसके अलावा लाइव मॉनिटरिंग के माध्यम से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और मजबूत होगी।
नई ट्रेनों के डिब्बों में एडवांस कपलिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे सफर के दौरान झटके काफी कम महसूस होंगे। इसके अलावा बोगी के अंदर पहियों की आवाज भी कम सुनाई देगी। यात्रियों को एलईडी लाइटिंग, बेहतर वेंटिलेशन, आरामदायक सीटें, आधुनिक इंटीरियर और अन्य उन्नत सुविधाएं मिलेंगी, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक होगी।
















Be First to Comment