बिहार : बिहार की सियासत में अक्सर पलायन, बेरोज़गारी और मौक़ों की कमी का मातम रोया जाता रहा है, लेकिन अब तस्वीर बदलती नज़र आ रही है। कौशल विकास मिशन के तहत बिहार के नौजवानों को ऐसी सौग़ात दी जा रही है, जो उन्हें सिर्फ़ रोज़गार नहीं बल्कि ग्लोबल पहचान दिला सकती है। अब युवा अंग्रेज़ी के साथ-साथ जर्मन, कोरियन, अरबी और जापानी जैसी विदेशी भाषाएं भी बिल्कुल मुफ़्त में सीख रहे हैं। यह पहल राज्य के छात्र-छात्राओं के लिए अंतरराष्ट्रीय रोज़गार के दरवाज़े खोलने की दिशा में एक बड़ा क़दम मानी जा रही है।

श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने इस योजना की जानकारी देते हुए कहा कि कौशल विकास मिशन के तहत शुरू किया गया यह विदेशी भाषा प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क है। इसका मक़सद यह है कि बिहार का हर नौजवान, चाहे वह किसी भी तबक़े से आता हो, दुनिया की प्रमुख भाषाओं को समझ सके और वैश्विक मंच पर अपनी काबिलियत साबित कर सके। सियासी गलियारों में इसे “लोकल टैलेंट, ग्लोबल प्लेटफॉर्म” की सोच के तौर पर देखा जा रहा है।

दीपक आनंद के मुताबिक, विदेशी भाषा प्रशिक्षण से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उनके कौशल को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब बिहार के नौजवान सिर्फ़ डिग्रियों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों, विदेशी संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी अपनी जगह बना सकेंगे। यह प्रशिक्षण उन्हें दुनिया के बदलते रोज़गार बाज़ार के मुताबिक तैयार करेगा।













Be First to Comment