राजधानी पटना में मेट्रो सेवा के विस्तार की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। खेमनीचक से मीठापुर के बीच करीब 3.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर को तैयार किया जा रहा है। इस रूट के शुरू होने के बाद पटना के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ मेट्रो की यात्री क्षमता भी बढ़ेगी। खास बात यह है कि इस नए रूट पर छह बोगी वाली मेट्रो ट्रेन चलाने की तैयारी है।
फिलहाल पटना मेट्रो में तीन बोगी वाली ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (PMRCL) ने छह बोगी वाली तीन ट्रेन सेट के लिए पुणे मेट्रो को ऑर्डर दिया है। इन ट्रेन सेट को तीन साल की लीज पर लिया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन सेट के दिसंबर तक पटना पहुंचने की उम्मीद है।

खेमनीचक से मीठापुर के बीच बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर का सुपर स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। अब स्टेशन और दूसरे जरूरी कामों को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। इस हिस्से में कुल चार स्टेशन—मीठापुर, रामकृष्णा नगर, जगनपुरा और खेमनीचक होंगे।

स्टेशनों पर सिविल वर्क के साथ ट्रैक, लिफ्ट, एस्केलेटर और अन्य सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। इन कामों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। परियोजना को जून 2027 तक यात्रियों के लिए शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।इस कॉरिडोर के चालू होने से मीठापुर और आसपास के इलाकों के यात्रियों को मेट्रो नेटवर्क से सीधा जुड़ाव मिलेगा। साथ ही खेमनीचक के इंटरचेंज स्टेशन के जरिए यात्री पटना मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर तक आसानी से पहुंच सकेंगे।












Be First to Comment