Press "Enter" to skip to content

गंडक पर बनेगा सेतु : बिहार में यूपी सरकार बनाएगी 761 करोड़ का भव्य पुल, घटों का रास्ता मिनटों में होगा तय

बिहार : बिहार और उत्तर प्रदेश की सरहद पर विकास की नई इबारत लिखी जाने जा रही है। बिहार के बगहा पुलिस जिले के नौरंगिया के पास गंडक नदी पर जल्द ही एक भव्य पुल का निर्माण होगा, जिसकी लागत करीब 761 करोड़ रुपये आंकी गई है। खास बात यह है कि इस पुल का निर्माण उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कराया जाएगा। पुल के बनते ही यूपी का खड्डा क्षेत्र सीधे बिहार के बगहा से जुड़ जाएगा और दशकों पुरानी आवागमन की मुश्किलें बीते दिनों की बात बन जाएंगी। यूपी सरकार ने खड्डा–नौरंगिया को जोड़ने वाले गंडक पुल को मंजूरी दे दी है और जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।  यह पुल वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी हल साबित होगा।

दरअसल, इस पुल का सबसे बड़ा फायदा उत्तर प्रदेश के उन पांच गांवों को होगा, जो भौगोलिक रूप से नौरंगिया के बेहद करीब हैं, लेकिन प्रशासनिक तौर पर यूपी में आते हैं। अब तक इन गांवों के लोगों को अपने ही मुख्यालय खड्डा पहुंचने के लिए बिहार के रास्ते नौरंगिया होकर लंबा और जटिल सफर तय करना पड़ता था। इससे आम जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

पुल बनने के बाद इन गांवों के लोगों को खड्डा तक सीधा, आसान और सुरक्षित रास्ता मिलेगा। इससे न सिर्फ समय और दूरी की बचत होगी, बल्कि प्रशासनिक कामकाज भी रफ्तार पकड़ेगा। अधिकारियों के लिए निगरानी और विकास योजनाओं को अमल में लाना आसान होगा, वहीं सरकारी योजनाओं का फायदा भी तेजी से ज़मीन तक पहुंचेगा।

यह सेतु केवल यूपी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिहार के लोगों के लिए भी नए अवसरों के दरवाज़े खोलेगा। बगहा और आसपास के इलाकों से खड्डा समेत उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में आना-जाना सुगम होगा। इससे व्यापार, रोजगार और सामाजिक रिश्तों को मजबूती मिलेगी।

पर्यटन के लिहाज़ से भी यह पुल बेहद अहम साबित होगा। यूपी का सोहगीबरवा वन्यजीव अभयारण्य और बिहार का वाल्मीकि टाइगर रिजर्व इस पुल के ज़रिए और करीब आ जाएंगे। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोज़गार मिलेगा और सीमावर्ती क्षेत्र का सामाजिक आर्थिक विकास नई रफ्तार पकड़ेगा। कुल मिलाकर, गंडक पर बनने वाला यह पुल विकास और सियासी दूरदर्शिता का मजबूत पैगाम बनकर उभर रहा है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from BREAKING NEWSMore posts in BREAKING NEWS »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *