सिवान: बिहार के सिवान में अपराधियों ने फिर एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है. यह तीन दिनों के अंदर दूसरी लूट की बड़ी घटना है. मंगलवार का मामला जिले बसन्तपुर थाना क्षेत्र के खोरी पाकड़ बाजार स्थित मोहित ज्वेलर्स एवं बर्तन भंडार का है. दुकानदार के अनुसार वे दुकान पर थे, तभी अचानक 4 की संख्या में नकाबपोश अपराधी बाइक पर सवार होकर आए और दुकान में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे.

18 से 20 लाख की लूट: फायरिंग के कारण दुकानदार डर कर पीछे हट गए. इसके बाद दो अपराधी दुकान के मुख्य गेट पर हथियार लेकर खड़ा हो गए. बांकी अपराधी दुकान में घुसकर अलमीरा खोल सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. दुकानदार के पुत्र मोहित ने बताया कि लगभग 18 से 20 लाख रुपये के सोने एवं चांदी की लूट हुई है.

छानबीन के लिए पहुंची पुलिस: इधर, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गयी है. मौके पर पहुंचे एसडीपीओ ने लूट की घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि दुकानदार से लूट की जानकारी ली गयी है. सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है.

72 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी लूट: सिवान के रघुनाथपुर में तीन दिन पहले अपराधियों ने हथियार के बल पर सोने चांदी की बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया था. इस घटना के बाद से व्यवसायी डर के साये में हैं. दुकानदारों का कहना है कि रघुनाथपुर के टारी बाजार में लूट का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि फिर लूट की घटना को अंजाम दिया गया.










Be First to Comment