रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में एक बार फिर हर्ष फायरिंग ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया. शिवसागर थाना क्षेत्र के थानुआ गांव में चल रहे शादी समारोह में बीती रात हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से दुल्हन पक्ष के भाई की मौत हो गई. घटना से पूरे समारोह में कोहराम मच गया और शादी का जश्न पलभर में दुख की लहर में डूब गया.
![]()
शिक्षक थे मृतक नंदन कुमार सिंह
मृतक की पहचान बक्सर जिले के नंदन कुमार सिंह (पिता विजय बहादुर सिंह) के रूप में हुई है. नंदन लड़की के ममेरे भाई थे और शादी में शामिल होने आए थे. वे पेशे से शिक्षक थे और बक्सर के इटाढ़ी ब्लॉक स्थित मध्य विद्यालय विश्रामपुर में पदस्थापित थे. रात करीब 1 बजे अज्ञात लोगों द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में गोली नंदन को लगी.

अस्पताल ले जाने के दौरान मौत
गोली लगते ही परिजन उन्हें तुरंत जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले गए. हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान नंदन कुमार सिंह ने दम तोड़ दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

परिजनों ने पुलिस पर लगाया आरोप
मृतक के चचेरे भाई अनुपम कुमार सिंह ने गंभीर आरोप लगाया है कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की बजाय लड़की पक्ष के लगभग 10 लोगों को थाने बुलाकर कई घंटे बिठाए रखा. उनके मोबाइल छीन लिए गए और केस को समझौता करने का दबाव बनाया गया. परिजनों में भारी आक्रोश है.

घटना की सूचना मिलते ही शिवसागर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सदर डीएसपी-2 दिलीप कुमार के नेतृत्व में छानबीन शुरू हुई. पुलिस ने अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जिस पिस्टल से फायरिंग हुई थी, उसे भी बरामद कर लिया गया है.

क्या कहते हैं एसडीपीओ
सासाराम एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया, “मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. उनके सहयोगियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है. घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं. जिस पिस्टल से गोली चली, वह बरामद हो चुकी है. पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.”

हर्ष फायरिंग पर लगाम लगाने की जरूरत
रोहतास सहित पूरे बिहार में शादी-विवाह और उत्सवों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बीते दिन खगड़िया से हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया था, जहां दूल्हे की गोली लगने से मौत हो गई. बार-बार ऐसी घटनाओं में निर्दोष लोगों की जान गंवानी पड़ रही है. पुलिस और प्रशासन द्वारा सख्ती के बावजूद अवैध हथियारों का प्रदर्शन जारी है.



















Be First to Comment